
खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन
21 जनवरी 2023

हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में पांवटा साहिब-शिलाई-गुम्मा नेशनल हाईवे 707 शनिवार सुबह लैंड स्लाइड से बंद हो गया। पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण 3 घंटे तक हाईवे बंद रहा। इस कारण कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा। वे समय पर ऑफिस नहीं पहुंच पाए।
हालांकि 3 घंटे बाद हाईवे को खोल दिया गया था, लेकिन ऐसा पहली बार नहीं हुआ। इसी स्थान पर पहले भी हाईवे कई बार बंद हो चुका है। हाईवे पर टिंबी के पास गांव उत्तरी में भूस्खलन होने से यह 3 घंटे बंद रहा, जिसके बाद हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। कई लोग काफी परेशान दिखे।
अभी भी मलबा गिरने का खतरा
बताया जा रहा है कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी ने मार्ग को खोलने के लिए JCB लगाई और मार्ग को आवाजाही के लिए खोल दिया, लेकिन अभी भी पहाड़ी से पत्थरों के गिरने का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने सावधानी के तौर पर हाईवे पर सफर करने वाले लोगों को एहतियात बरतते हुए ड्राइविंग करने की अपिल की है।
अधिकारियों का कहना है कि हाईवे पर इन दिनों सड़क चौड़ी करने का कार्य चल रहा है। कई जगह पर डेंजर पॉइंट भी बने हैं। पहाड़ की कटिंग होने से बीच-बीच में ऊपर से आकर मलबा गिर जाता है, लेकिन मौके पर JCB मशीन मौजूद रहती है और रहेगी। रात को अगर मलबा गिरता है तो सुबह हटा दिया जाएगा।
खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन





