पांवटा साहिब में एन.डी.आर.एफ की टीम द्वारा आपदा प्रबंधन व क्षेत्र निरीक्षण अभ्यास हुआ आयोजित

#खबर अभी अभी नाहन ब्यूरो*

20 अक्टूबर 2024

उपायुक्त सिरमौर के निर्देशानुसार, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) 14वीं बटालियन, क्षेत्रीय प्रतिक्रिया टीम-नालागढ़ द्वारा सिरमौर जिला में अपने फैमिलियराईजेशन अभ्यास के दौरान आज 19 अक्टूबर शनिवार को पांवटा साहिब उप- मंडल के अंतर्गत बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों यमुनाघाट व आसपास के इलाकों में आपदा प्रबंधन विषय पर जन- जागरूकता अभियान एवं टीम द्वारा क्षेत्रीय निरीक्षण किया गया।

उपमंडलाधिकारी (नागरिक), पांवटा साहिब कार्यालय के एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, सिरमौर के सहयोग से आज यमुना घाट एवं इसके आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की 24 सदस्यीय टीम, सहायक कमांडेंट संतोष, निरीक्षक अजय कुमार व उप निरीक्षक अवतार सिंह के नेतृत्व में आपदा प्रबंधन से संबंधित जन- जागरूकता, चर्चा, विचार विमर्श, क्षेत्र निरीक्षण एवं मौक अभ्यास आयोजित किया गया। इस अवसर पर नोडल अधिकारी व ग्रामीण राजस्व अधिकारी विकास शर्मा, उपमंडलाधिकारी (नागरिक) कार्यालय पांवटा साहिब के अधिकारी/कर्मचारी व स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Share the news