
खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन
6 जुलाई 2023

इंदौरा (कांगड़ा)। विधानसभा क्षेत्र इंदौरा के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बड़ूखर के वार्ड नंबर पांच में पक्की सड़क का निर्माण कार्य लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। जानकारी के अनुसार इस सड़क को पक्का करने के बाद संबंधित विभाग की ओर से यहां नालियों का निर्माण नहीं किया गया। इस कारण गंदगी और मलबा कई घरों में घुस रहा है।
लोगों ने बताया कि कई बार वे पंचायत और विभाग को इस बारे अवगत करवा चुके हैं, लेकिन हर बार उन्हें टाल दिया जाता है। यदि समय रहते विभाग की ओर से इस समस्या का हल नहीं किया जाता है तो हमें मजबूरन कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि वे कई बार इस बारे 1100 हेल्पलाइन के माध्यम से भी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई भी हल नहीं निकला। बड़ूखर में कुछ समय पहले लगे जन समस्या दरबार के माध्यम से वीडियो और एसडीएम इंदौरा को भी इस समस्या से निजात दिलाने की फरियाद लगाई गई थी, लेकिन आज तक कोई हल नहीं हो पाया है।
विभाग की ओर से सड़क निर्माण पैमाने के अनुसार ही किया गया है, किंतु नालियों को बनाने की बात है तो उसके लिए विभाग के उच्च अधिकारियों से बात कर ली गई है। विधायक के संज्ञान में भी यह बात डाल दी गई है। जैसे ही पैसा आएगा इस कार्य को कर दिया जाएगा।
– सिकंदर, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग बड़ूखर|
खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन





