
कुल्लू: Ministry of Mines (भारत सरकार) में संयुक्त सचिव संदीप कदम ने कुल्लू जिला में पीएम श्री योजना के अंतर्गत संचालित विद्यालयों का दौरा एवं निरीक्षण किया। उन्होंने PM SHRI Government Senior Secondary School (Girls) Kullu तथा PM SHRI Government Senior Secondary School Bhutti का निरीक्षण कर वहां चल रहे शैक्षणिक व आधारभूत विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षाओं, स्मार्ट क्लासरूम, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय एवं अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का अवलोकन किया। विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक प्रगति की जानकारी ली तथा शिक्षकों से शिक्षण पद्धति, नवाचारों और योजना के प्रभाव पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने पीएम श्री योजना के तहत विद्यालयों में आए सकारात्मक बदलावों की सराहना की।
संयुक्त सचिव संदीप कदम ने कहा कि पीएम श्री योजना का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, समावेशी एवं आधुनिक शिक्षा प्रदान करना है, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों के लिए बेहतर रूप से तैयार हो सकें। उन्होंने विद्यालय प्रशासन के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए आवश्यक सुझाव भी दिए।
जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के साथ बैठक
दौरे के दौरान बहुउद्देशीय भवन के बैठक कक्ष में जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, प्रिंसिपलों एवं सेंटर हेड-टीचर्स के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि पीएम श्री विद्यालयों में आवश्यक सुविधाओं और अधोसंरचना का सृजन कर अधिक से अधिक विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना योजना का प्रमुख लक्ष्य है।
उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर शिक्षा के लिए सामुदायिक भागीदारी तथा युवाओं को जोड़ने पर भी बल दिया।
प्रिंसिपल डाइट डॉ. सुरेंद्र शर्मा एवं समन्वयक डाइट कुलदीप शर्मा ने प्रस्तुति के माध्यम से जानकारी दी कि जिले में कुल 15 पीएम श्री विद्यालय हैं, जिनमें 10 वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। ये विद्यालय नई शिक्षा नीति के क्रियान्वयन के लिए मॉडल स्कूल के रूप में कार्य कर रहे हैं।
अतिरिक्त जिला उपायुक्त अश्वनी कुमार ने संयुक्त सचिव का स्वागत किया। बैठक में एसडीएम निशांत ठाकुर, सहायक आयुक्त डॉ. जयवंती ठाकुर, उपनिदेशक माध्यमिक शिक्षा देशराज डोगरा, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा डॉ. सुनील कुमार सहित विभिन्न पीएम श्री विद्यालयों के प्रिंसिपल एवं सेंटर हेड-टीचर्स उपस्थित रहे।
कुल्लू ब्यूरो: सुशांत शर्मा





