पुलिस ने कब्जे में लिया आरोपियों की कंपनी का रिकार्ड

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

14 मई 2023

पुलिस थाना धर्मशाला के तहत रक्कड़ पंचायत में पति-पत्नी की जीवनलीला समाप्त के मामले में पुलिस ने मृतकों और आरोपियों की कंपनी का रिकार्ड कब्जे में लिया है। इस रिकार्ड के आधार पर अब पुलिस जांच करेगी कि मृतक विक्रम थापा की ओर से अपनी पत्नी करुणा थापा के नाम से बनाई गई मरीन सिक्योरिटी कंसल्टेंसी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के नाम से आरोपियों की ओर से बनाई गई एक सब कंपनी को कितनी कमाई हुई है। अभी प्रारंभिक जांच में आरोपियों ने विक्रम थापा की कंपनी वापस न करने की बात कबूल की है। बताया जा रहा है कि धोखाधड़ी के कारण हुए नुकसान के चलते विक्रम थापा को नशे की लत लग गई थी और इस कारण पति-पत्नी में अकसर वाद-विवाद भी होता रहता था।

ग्राम पंचायत रक्कड़ के वार्ड नंबर एक की रहने वाली करुणा थापा ने वीरवार रात को आत्महत्या कर ली थी, जबकि उसी रात पति विक्रम थापा ने भी आत्महत्या कर ली थी। मृतक विक्रम थापा ने आत्महत्या से पहले सुसाइड नोट में लिखा था कि करुणा के नाम से मरीन सिक्योरिटी कंसल्टेंसी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बनाई थी। कुछ समय के बाद उन्होंने कंपनी के संचालन का जिम्मा उत्तम चंद निवासी सिद्धबाड़ी धर्मशाला और उसके केरल राज्य के निवासी जेपी बेबी को दिया। शुरुआत में सब सही रहा, लेकिन बाद में इन लोगों ने मुख्य कंपनी के साथ ही एक सब कंपनी बना ली। मुख्य कंपनी को आने वाले काम अपनी कंपनी से करवाने लगे और विक्रम थापा की कंपनी को खत्म ही कर दिया। इसके चलते विक्रम और करुणा का परिवार बहुत आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। उधर, एएसपी कांगड़ा हितेश लखनपाल ने बताया कि आरोपियों की ओर से संचालित कंपनी का रिकार्ड जब्त किया है, जांच की जा रही है।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news