
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
13 मार्च 2023
प्रदेश की नई सरकार ने भी ट्रक संचालकों की गुड्स टैक्स की पेनल्टी को माफ नहीं किया है। परिवहन विभाग ने 31 मार्च तक गुड्स टैक्स जमा करवाने की अंतिम तिथि निर्धारित की है। जिन ट्रक संचालकों ने लंबे समय से गुड्स टैक्स जमा नहीं करवाया है, उनके लिए यह गोल्डन चांस है। सरकार ने अधिसूचना जारी कर इसके लिए 31 मार्च अंतिम तिथि निर्धारित की है।अगर इस बीच डिफॉल्टर उपभोक्ता अपने वस्तु कर जमा नहीं करवाते हैं तो उनके ट्रक के नंबर को सीज कर दिया जाएगा। उसके बाद ट्रक की पासिंग और फिटनेस का कार्य नहीं होगा। बीबीएन में 10,000 से अधिक ट्रक हैं। इनमें से 25 फीसदी ट्रक संचालकों ने अपना गुड्स टैक्स इसलिए जमा नहीं करवाया है कि उन पर पेनल्टी टैक्स से भी ज्यादा लग गई है।
पिछली सरकार ने ट्रक संचालकों को पेनल्टी को रद्द करने की बात कही थी, लेकिन वह नहीं हो पाई और इस बीच सरकार बदल गई। गुड्स टैक्स के अभाव में लोगों के ट्रक बिना परमिट के खड़े हो गए। सीपीएस राम कुमार ने इस मामले में सीएम से बात करके गुड्स टैक्स जमा करवाने की तिथि को 31 मार्च तक बढ़ा दिया है, लेकिन पेनल्टी को नई सरकार ने माफ नहीं किया। ट्रक संचालकों को उम्मीद थी कि उनकी पेनल्टी माफ होगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ है।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





