

हिमाचल प्रदेश में इसी सप्ताह से भाजपा की जिला कार्यकारिणियों का गठन शुरू हो जाएगा। इस कार्य के लिए सभी जिलों में नियुक्त नेताओं ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल को अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। जिला अध्यक्ष पहले ही नियुक्त हो चुके हैं। अब कार्यकारिणी का गठन होना है। संगठनात्मक मजबूती की दिशा में कदम उठाते हुए जिला कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया बीते सप्ताह शुरू हुई थी। प्रदेश के सभी 17 संगठनात्मक जिलों में नए पदाधिकारियों के चयन का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है।
भाजपा ने पहले ही सभी जिलों में जिला अध्यक्षों की घोषणा कर दी थी। अब उन जिला अध्यक्षों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए जिला महामंत्री, उपाध्यक्ष, सचिव, मीडिया प्रभारी, आईटी प्रमुख, सोशल मीडिया प्रभारी सहित अन्य संगठनात्मक पदों पर नियुक्तियां की जा रही हैं। यह प्रक्रिया भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की निगरानी में संचालित हो रही है। इस पूरी प्रक्रिया को इसी सप्ताह अंतिम रूप देने की योजना है, ताकि पार्टी संगठन अगले चरण की गतिविधियों के लिए तैयार हो सके। हिमाचल भाजपा ने राज्य में 17 संगठनात्मक जिलों को विभाजित किया हुआ है। सोलन, सिरमौर, ऊना, मंडी, बिलासपुर, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, शिमला, कांगड़ा, चंबा, नूरपुर, देहरा, पालमपुर, सुंदरनगर, हमीरपुर, किन्नौर और महासू को संगठनात्मक जिला बनाया गया है। जिला कार्यकारिणियों के गठन के बाद भाजपा आगामी दिनों में मंडल कार्यकारिणी, मोर्चा संगठन और प्रकोष्ठों के पुनर्गठन की ओर बढ़ेगी।



