प्रदेश मे प्रदेश में बर्फबारी से 216 सड़कों पर यातायात बंद, 250 ट्रांसफार्मर और 10 पेयजल योजनाएं ठप

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

11 फरवरी 2023

हिमाचल प्रदेश में येलो अलर्ट के बीच शुक्रवार को रोहतांग, जलोड़ी दर्रा, सोलंगनाला और अटल टनल बर्फबारी से लकदक हो गए। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में शुक्रवार को बारिश हुई। शुक्रवार को चंबा जिले के पांगी और लाहौल-स्पीति जिले में हिमस्खलन हुआ। वहीं, शिमला में शाम को झमाझम बारिश के साथ हल्की ओलावृष्टि हुई। चंबा के चुराह उपमंडल की चीह पंचायत में डबी पहाड़ के दरकने से मलोही गांव पर भी खतरे के बादल मंडराने लगे हैं। शुक्रवार सुबह पहाड़ से उच्च पाठशाला चीह के भवन पर चट्टान गिर गई। इससे स्कूल का एक कमरा क्षतिग्रस्त हो गया। प्रदेश में शुक्रवार को 216 सड़कों पर यातायात बंद रहा, जबकि 250 ट्रांसफार्मर और 10 पेयजल योजनाएं ठप पड़ी हैं।

लाहौल-स्पीति के मनाली-लेह मार्ग पर तेलिंग नाला के समीप सुबह 11:30 बजे पहाड़ी से हिमखंड टूट कर सड़क पर आ पहुंचा और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) का स्नो प्लग ट्रक हिमस्खलन के बीच फंस गया। बीआरओ के अधिकारियों ने बताया कि यह ट्रक सड़क से बर्फ हटाने के लिए सिस्सू से नॉर्थ पोर्टल भेजा था। हिमस्खलन के दौरान ट्रक पर तीन लोग सवार थे, जो सुरक्षित हैं। ट्रक निकालने के लिए दूसरी मशीन लाई गई है। उपायुक्त लाहौल-स्पीति सुमित खिमटा ने कहा कि घाटी में भारी बर्फबारी हुई है। मौसम खुलने तक लोग एक-दूसरे गांव की ओर न जाएं।

उधर, चंबा जिले के पांगी में मिंधल के अझल नाले और फिंडपार के हुराड़ नाले में सुबह हिमस्खलन हुआ। हिमस्खलन से कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन हिमखंड की चपेट में बिजली के खंभे, तार और पेयजल पाइप आए हैं। हुराड़ नाले में हिमस्खलन से बिजली की लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। इस कारण कई गांगों में बिजली की आपूर्ति बंद हो गई है। 120 घरों को पीने के पानी की सप्लाई देने वाली पेयजल लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई। इस कारण अब गांववासियों को बर्फ पिघलाकर पानी का बंदोबस्त करना पड़ेगा। वहीं, अझल नाले में हिमखंड गिरने से मिंधल गांव का संपर्क अन्य गांवों से कट गया। प्रशासन ने ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर रहने के आदेश दिए हैं। आवासीय आयुक्त पांगी अजय कुमार यादव ने बताया कि हिमखंड गिरने से कोई जान का नुकसान नहीं हुआ है। मिंधल गांव के लोगों की मदद करने के लिए प्रशासन प्रयास कर रहा है।

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

Share the news