अग्निपथ योजना को रद्द किया जाएगा
परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली में प्रियंका गांधी ने कहा कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनते ही अग्निपथ योजना को रद्द किया जाएगा। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने किसानों के कर्ज मार्फ करने का वादा किया था। कांग्रेस सरकार बनते ही तीन घंटे में किसानों के कर्ज माफ किए गए। आज सबसे कम बेराजेगारी छत्तीसगढ़ में है।
पहली कैबिनेट में बहाल करेंगे पुरानी पेंशन
कांगड़ा जिले के नगरोटा बगवां में परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली में अखिल भारतीय कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि रोजगार, पेंशन, महंगाई को लेकर भाजपा कुछ नहीं करेगी। भाजपा नेता अपने लिए, अपने स्वार्थ के लिए चुनाव मैदान में खड़े हैं। सोच समझकर वोट डालें। समझें, नीयत साफ किसकी है और किसकी खोटी। पुलिस भर्तियों में घोटाले, पीपीई किट घोटाला, शिक्षक भर्ती में घोटाला और प्रदेश में अब ड्रग्स भी फैला हुआ है। भाजपा के राज में ये घोटाले हैं। उद्योगपतियों के लिए सब कुछ हो सकता है, आपके लिए कुछ नहीं। क्या आप ऐसी सरकार चाहते हैं? हिमाचल में 4 हजार सैनिक सेना में जाते थे। अग्निपथ योजना से अब सिर्फ 400 से 500 युवा सेना में जा पाएंगे। उनमें से भी 75 फीसदी 4 साल बाद घर भेज दिए जाएंगे। कांग्रेस आपके लिए गारंटी लेकर आई है। हमारी सरकारों ने करके दिखाया है। पहली कैबिनेट में ओपीएस देंगे। हिमाचल के 1 लाख रोजगार देंगे। 63 हजार पद खाली पद भरेंगे। 5 साल में 5 लाख रोजगार देंगे। हर घर लक्ष्मी योजना में महिलाओं को प्रतिमाह 1500 देंगे। ड्रग्स से हम लड़ेंगे। देश में पहली इलेक्ट्रिक बस कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में चली। यह स्वर्गीय जीएस बाली की देन है। भाजपा ने हिमाचल को कर्ज में डुबोया है। प्रदेश पर 70 हजार करोड़ का कर्ज है। कर्मचारियों को पेंशन का टेंशन है।
कांग्रेस ने हिमाचल का इकोनॉमिक पैकेज छीना
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी जनसभा में कहा कि आज दुनिया में पीएम नरेंद्र मोदी के कारण देश की तस्वीर बदल गई है। आज मोबाइल उत्पादन में भारत दूसरे नंबर पर है, स्टील उत्पादन में भारत दूसरे नंबर पर है, सौर ऊर्जा में हम पांचवें नंबर पर पहुंच गए हैं, ब्रिटेन को पछाड़ कर भारत पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल गिहारी वाजपेयी ने हिमाचल इकोनॉमिक पैकेज दिया लेकिन 7 साल में कांग्रेस ने छीन लिया और कहा कि हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में हमारी सरकार है तो हिमाचल को हम अकेले नहीं दे सकते। आज न तो हरियाणा में कांग्रेस की सरकार है और न ही हिमाचल और पंजाब में। आज हिमाचल प्रदेश को बल्क ड्रग पार्क मिल रहा है। आने वाले समय में फार्मा में हिमाचल प्रदेश का बल्क ड्रग पार्क दुनिया के नक्शे पर देखा जाएगा। यही नहीं, यहां मेडिकल डिवाइस पार्क के साथ-साथ विकास के कई कार्य किए जा रहे हैं।
नितिन गडकरी बरठीं में करेंगे जनसभा
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी आज जिला बिलासपुर के झंडूता विधानसभा क्षेत्र के सभा स्थल बरठीं में जनसभा करेंगे। इसके बाद कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में सभा स्थल मटौर में रैली करेंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर हमीरपुर के नादौन विधानसभा क्षेत्र के गलोड़ में जनसभा करेंगे।
प्रियंका की नगरोटा बगवां में रैली
अखिल भारतीय कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आज नगरोटा बगवां में चुनावी रैली को संबोधित करेंगी। प्रियंका गांधी का कांगड़ा जिले का यह पहला दौरा है। प्रियंका नगरोटा बगवां के गांधी मैदान में रैली को संबोधित करेंगी।
आज जारी नहीं होगा स्वर्णिम दृष्टिपत्र
भाजपा का स्वर्णिम दृष्टिपत्र आज जारी नहीं होगा। इसे रविवार 6 अक्तूबर को जारी किया जाएगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के शिमला में उपस्थित न होने के कारण इसे आगे टाला गया है।
अमित शाह आज नगरोटा में हनुमान मंदिर में दर्शन के बाद अभियान में होंगे शामिल
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा 4 नवंबर को जिला शिमला के रामपुर कॉलेज मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद जिला शिमला के रामलीला मैदान रोहडू़ में जनसभा करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज जिला कांगड़ा के नगरोटा में हनुमान मंदिर दर्शन के बाद जनसंपर्क अभियान में शामिल होंगे और ठारू मैदान नगरोटा में जनसभा करेंगे। इसके बाद जिला कांगड़ा के विधानसभा क्षेत्र जसवां परागपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे। फिर ऊना विधानसभा क्षेत्र में मैहतपुर टैक्सी स्टैंड में जनसभा करेंगे। शाम को जनसंपर्क अभियान में भाग लेंगे और ऊना जिला के पांच विधानसभा क्षेत्रों के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे।
5 नवंबर को कांग्रेस जारी करेगी घोषणापत्र
उधर, कांग्रेस 5 नवंबर को घोषणापत्र जारी करेगी। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस के नेता घोषणापत्र जारी करेंगे। घोषणापत्र में कांग्रेस ओपीएस को लेकर कर्मियों के अलावा किसानों, बागवानों, महिलाओं और युवाओं को साधेगी। दस गारंटियों को फिर दोहराया जाएगा।
प्रियंका बोलीं- भाजपा सरकार में उद्योगपतियों के लिए सब कुछ, आपके लिए कुछ नहीं
हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को होने वाली वोटिंग को लेकर सभी पार्टियां चुनाव प्रचार में जुटी हैं। भारतीय जनता पार्टी का चुनाव घोषणापत्र आज जारी होगा। इसे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दोपहर बाद ढाई बजे पीटरहॉफ शिमला में लांच करेंगे। घोषणापत्र में ओल्ड पेंशन स्कीम (ओपीएस) को लेना है कि नहीं, इस बारे में असमंजस है। भाजपा इसे लागू करेगी कि नहीं, इस पर भी संशय बना है। भाजपा कर्मियों, किसानों-बागवानों, महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों समेत तमाम वर्गों को घोषणापत्र में शामिल करने का प्रयास कर रही है।