
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
24 जनवरी 2024

बच्चों के सर्वांगीण विकास में माताओं की अहम भूमिका को देखते हुए हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्री-प्राइमरी कक्षाओं के लिए‘पहली शिक्षक मां’ कार्यक्रम की शुरुआत 13 दिसंबर 2023 की और इसका शुभारंभ संसदीय सचिव शिक्षा आशीष बुटेल ने समग्र शिक्षा के सौजन्य से सुंदरनगर में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम से किया गया। इस कार्यक्रम से संबंधित राज्य स्तर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रत्येक माह के चौथे शनिवार या बैग फ्री डे को प्री-प्राइमरी कक्षाएं चला रहे प्रत्येक प्राइमरी स्कूल में बच्चों की माताओं के साथ मासिक बैठक का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत पहली मासिक बैठक 27 जनवरी को होनी निश्चित हुई।
इस संबंध में समग्र शिक्षा की ओर से सभी स्कूलों को आवश्यक सूचना व शेड्यूल पहले से ही उपलब्ध करवा दिया गया है। शेड्यूल के अनुसार अध्यापक 27 जनवरी को स्कूल में माताओं के साथ बैठक का आयोजन करेंगे, जिसमें उन्हें उन सभी शारीरिक, बौद्धिक, संवेगात्मक एवं भाषा संबंधी गतिविधियों का अभ्यास करवाया जाएगा। इसकी सहायता से वे यही गतिविधियां घर पर अपने बच्चों से करवा पाएंगी। राज्य परियोजना अधिकारी समग्र शिक्षा के अनुसार इसी प्रकार की बैठकें आगामी महीनों में भी प्रत्येक चौथे शनिवार को आयोजित की जाती रहेंगी ।
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*





