
कुल्लू-
उपायुक्त तोरुल रवीश ने की बैठक की अध्यक्षता जिला मुख्यालय स्थित बचत भवन में मंगलवार को आनी, भुंतर, नग्गर, निरमंड, बंजार तथा कुल्लू के खंड विकास अधिकारियों, विभिन्न लाइन विभागों के अधिकारियों एसएबीपीओ, पंचायत निरीक्षकों की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त तोरुल एस रवीश ने की। बैठक में विकास कार्यों तथा लंबित पड़े कार्यों की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने सभी पूर्ण किए गए कार्यों की उपयोगिता प्रमाणपत्र शीघ्र भेजने के निर्देश दिए तथा गतिमान कार्यों को से द्रुत गति से अमली जामा पहनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुराने कार्यों को 31 मार्च से पहले पहले पूर्ण करके उनकी उपयोगिता प्रमाण पत्र भेजना सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने अन्य विभागों के योजनाओं की भी समीक्षा की।
उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ के कार्यों का निरीक्षण करवाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण तथा पीडीएनए फंड से बनाए जाने वाले आंगनवाड़ी भवनों के कार्य को भी शीघ्र आरंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाल देखभाल संस्थान कलेहली के लिए चयनित प्राइमरी स्कूल बिहाली के भवन के मरम्मत कार्य को भी जल्द पूर्ण करने तथा आवश्यक बाडबंदी के आदि करके तैयार करने के लिए निर्देश दिए ताकि अगले वर्ष से यहां बच्चों को ठहरने के लिए उचित सुविधा प्रदान की जा सके। उन्होंने कल्याण विभाग के माध्यम से क्रियान्वित की जा रही आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत पूर्ण किए गए कार्यों के पूर्णता प्रमाण पत्र भेजने के लिए भी निर्देश दिए।
उपायुक्त तोरुल एस रवीश ने कहा कि पंचायत घरों के निर्माण, आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण, शौचालय निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना (विशेष परियोजना), पंचायत निरीक्षण, प्लास्टिक कचरा प्रबंधन तथा संचालन, तरल कचरा प्रबंधन, ठोस कचरा प्रबंधन, कम्पोस्ट पिट, सामुदायिक सोक पिट, कचरा पृथक्करण शेड, मनरेगा ई-केवाईसी, स्वच्छ भारत मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं मनरेगा के कार्यों द्रुत गति से पूर्ण किया जाए। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को खंड स्तर पर स्वयं सहायता समूहों को उद्यमिता के विकास के लिए विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को बढ़ावा देने के लिए भी निर्देश दिए। बैठक का संचालन परियोजना अधिकारी जिला ग्रामीण विकास अभिकरण दयाराम ठाकुर ने किया इस दौरान अतिरिक्त जिला उपायुक्त अश्वनी कुमार, जिला राजस्व अधिकारी सुरभि नेगी, जिला कल्याण अधिकारी गिरधारी लाल शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।





