बद्दी साई मार्ग पर नाली जाम होने से सड़क पर फैली गंदगी

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

13 मार्च 2023

बद्दी साई मार्ग पर नालियों में जमा हो रहे पॉलिथीन के चलते हर दिन मुख्य नाली जाम हो रही है। सोमवार को दावत चौक के समीप नाली जाम होने से गंदा पानी सड़क पर फैल गया है। इससे पैदल चलने वाले लोगों को काफी दिक्कत हुई। बद्दी साई मार्ग पर रेहड़ी फड़ी से लेकर सभी लोग पॉलिथीन का प्रयोग करते हैं। खाने पीने का सामान भी पॉलिथीन में सप्लाई होता है। लोग खाने के बाद पॉलिथीन को मुख्य मार्ग पर फेंक देते हैं। हवा चलने पर यह पॉलिथीन उड़कर सड़क के दोनों बनी नालियों में चली जाती हैं। पानी के बहाव के साथ यह पॉलिथीन चैंबर के पास फंस जाती हैं। इससे पानी का बहाव रुक जाता है और सारा गंदा पानी बद्दी साई मार्ग पर फैल जाता है। इस मार्ग पर बहुत ज्यादा दोपहिया और कारों की आवाजाही से यह पानी टायरों से छिटक कर पैदल चलने वाले लोगों के ऊपर गिरता है। इससे उनके पूरे कपड़े खराब हो रहे हैं।

दुकानदारों का कहना है कि जिन दुकानों के आगे यह पानी फैल जाता है वहां पर पूरा दिन ग्राहक नहीं आते हैं। दुकानों के बाहर रखा सामान भी इस गंदे पानी से खराब हो जाता है। व्यापार मंडल के प्रधान संजीव कौशल ने बताया कि पॉलिथीन के चलते आए दिन नाली जाम की होने की समस्या हो रही है। जब तक पॉलिथीन का कोई स्थायी इंतजाम नहीं होता है तब तक नाली जाम होती रहेगी और दुकानदार परेशान रहेंगे। उन्होंने नगर परिषद से नाली को ढकने और स्थायी समाधान करने की मांग की है।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news