# बनगोटू में आईटी पार्क # वेलनेस और हॉस्पिटेलिटी सेंटर का होगा निर्माण|

ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन

11 मई 2023

धर्मशाला। जिला मुख्यालय के साथ लगते बनगोटू में आईटी पार्क, वेलनेस सेंटर और हॉस्पिटेलिटी के क्षेत्र में एकीकृत प्रोजेक्ट पर काम किया जाएगा। इसके लिए इन क्षेत्रों के बड़े निवेशक आमंत्रित किए जाएंगे। जूहल पंचायत के तहत आने वाले बनघोटू में करीब 19 हेक्टेयर सरकारी भूमि उपलब्ध है।

उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बुधवार को साइट का निरीक्षण कर इसे फाइनल कर दिया है और परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए संबंधित अधिकारियों को औपचारिकताएं प्राथमिकता पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। साइट निरीक्षण के दौरान धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा उनके साथ रहे। उद्योग मंत्री ने कहा कि हिमाचल सरकार आईटी, वेलनेस और हॉस्पिटेलिटी के क्षेत्र में निवेश के महत्व को भलीभांति पहचानती है, जो प्रदेश के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
इसलिए इन क्षेत्रों में मूलभूत ढांचे के विकास के लिए निजी निवेश अत्यंत महत्वपूर्ण है। कांगड़ा जिले में इन सेक्टर में विकास की अपार संभावनाएं हैं। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि बनघोटू की इस साइट के एक तरफ धौलाधार और दूसरी ओर दूर तक फैली कांगड़ा घाटी का मनोरम दृश्य है। बेहतर रोड कनेक्टिविटी के चलते भी यह जगह इस परियोजना के लिए वित्तीय और व्यावहारिक रूप से अच्छी है।
आने वाले समय में कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार और जिले में हेलिपोर्ट के निर्माण से कनेक्टिविटी की दृष्टि से यह साइट इस परियोजना के लिए सबसे बेहतर रहेगी। उद्योग मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की विकास परियोजनाओं को लेकर दूरदर्शी सोच है। वे प्रदेश में मूलभूत ढांचे के विकास पर जोर दे रहे हैं। सभी परियोजनाएं इसी दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ाई जा रही हैं।
वहीं, विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि बनगोटू के आईटी, वेलनेस और हॉस्पिटेलिटी के संगम स्थल के रूप में विकास से धर्मशाला समेत पूरे प्रदेश की आर्थिकी को लाभ होगा। यहां स्टेट ऑफ आर्ट सुविधाएं विकसित होंगी तथा स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर बनेंगे। इस दौरान उद्योग विभाग के निदेशक राकेश प्रजापति, एसडीएम धर्मशाला धर्मेश रमोत्रा, उद्योग विभाग के महाप्रबंधक राजेश शर्मा, कांग्रेस पार्टी के सचिव पुनीत मल्ली, कांग्रेस नेता संजीव गांधी उपस्थित रहे।

ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन

Share the news