
बिलासपुर,
जिला बिलासपुर के थाना तलाई क्षेत्र के अंतर्गत बल्ही बरड़ में एक 21 वर्षीय युवक की गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 फरवरी 2026 की रात करीब 10:41 बजे पुलिस थाना घुमारवीं से सूचना मिली कि गांव बैहना ब्राह्मणा, तहसील झंडूता निवासी पारस (21) पुत्र जगदीश को बल्ही बरड़ क्षेत्र में गिरने की अवस्था में घुमारवीं अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मंगलवार को उपनिरीक्षक राकेश कुमार द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल घुमारवीं भेजा गया। अस्पताल में मृतक के परिजन जगदीश चंद सहित अन्य परिजन मौजूद रहे।
परिजनों के अनुसार पारस खच्चरों के माध्यम से सामान ढोने का कार्य करता था। 23 फरवरी की रात जब वह बरड़ से बाड़ी मझेड़वां नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान बल्ही बरड़ पुली के पास वह सड़क किनारे गिरा हुआ मिला। उसके सिर के पिछले हिस्से से खून बह रहा था। उसे तुरंत एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बयान में बताया कि पारस की मौत संभवतः पैर फिसलने से पुली के ढांक से नीचे गिरने और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण हुई है। उन्होंने किसी प्रकार के संदेह से इंकार किया है।
पुलिस ने धारा 194 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई अमल में लाई है। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को अंतिम संस्कार हेतु सौंप दिया गया है। मामले की जांच जारी है।





