
कुल्लू
प्रिया शर्मा
क्षेत्र में मौसम संतुलन, अच्छी बारिश और पहाड़ों में पर्याप्त बर्फबारी की कामना को लेकर धार्मिक नगरी मणिकर्ण में रुद्राभिषेक यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन गौ सेवा रक्षा दल की ओर से किया जा रहा है। संस्था का कहना है कि प्राकृतिक असंतुलन के चलते क्षेत्र की कृषि, बागवानी और जल स्रोत प्रभावित हो रहे हैं, ऐसे में भगवान शिव की आराधना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की जाएगी।
गौ सेवा रक्षा दल के पदाधिकारियों ने बताया कि रुद्राभिषेक यज्ञ वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधि-विधान से संपन्न किया जाएगा। मणिकर्ण जैसे पवित्र धार्मिक स्थल पर इस यज्ञ का विशेष महत्व है, जहां श्रद्धालु भगवान शिव का अभिषेक कर जनकल्याण की कामना करेंगे।
संस्था ने कहा कि पिछले कुछ समय से मौसम में असामान्य परिवर्तन देखने को मिल रहे हैं, जिससे आम जनजीवन पर असर पड़ा है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह धार्मिक आयोजन किया जा रहा है, ताकि क्षेत्र में समय पर बारिश और पर्याप्त बर्फबारी हो सके।
गौ सेवा रक्षा दल ने स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में रुद्राभिषेक यज्ञ में भाग लेकर क्षेत्र के कल्याण, प्राकृतिक संतुलन और समृद्धि के लिए प्रार्थना करें।





