बाशिंग पंचायत के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक भुवनेश्वर गौड़ से की भेंट, व्यास नदी तट सुरक्षा का मुद्दा उठाया

कुल्लू-
ग्राम पंचायत बाशिंग, जिला कुल्लू के प्रतिनिधिमंडल ने बाढ़ नियंत्रण समिति बाशिंग के अध्यक्ष दिनेश सेन की अगुवाई में आज मनाली विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक भुवनेश्वर गौड़ से भेंट कर पुलिस लाइन बाशिंग से रामशीला तक व्यास नदी के दोनों तटों की स्थायी सुरक्षा हेतु विस्तृत ज्ञापन सौंपा ।
प्रतिनिधिमंडल ने विधायक महोदय को अवगत कराया कि व्यास नदी में बार-बार आने वाली बाढ़ के कारण क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़कें, जिनसे होकर मनाली, लाहौल-स्पीति, पांगी-भरमौर एवं लेह-लद्दाख की ओर आवागमन होता है, निरंतर क्षतिग्रस्त हो रही हैं । इससे न केवल आम जनजीवन प्रभावित होता है, बल्कि सामरिक दृष्टि से भी यह मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण है ।
ज्ञापन में बताया गया कि उक्त क्षेत्र में जिला पुलिस लाइन, जल शक्ति विभाग का कार्यालय, खाद्य आपूर्ति निगम का गोदाम, एलपीजी गोदाम, एचआरटीसी कार्यशाला, ट्रक यूनियन यार्ड, रिवर राफ्टिंग प्वाइंट सहित अनेक सरकारी एवं निजी संपत्तियाँ स्थित हैं, जिन्हें बाढ़ के कारण बार-बार भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है । गत वर्ष आई भीषण बाढ़ में लुगड़भट्टी क्षेत्र के कई परिवार बेघर हो गए थे तथा ट्रक यूनियन यार्ड को भी भारी क्षति पहुँची थी ।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग रखी कि व्यास नदी के दोनों तटों पर मजबूत सुरक्षात्मक तटबंधों/दीवारों का निर्माण किया जाए तथा नदी के मध्य जमा मलबे को हटाकर नदी तल को वैज्ञानिक ढंग से गहरा किया जाए, ताकि भविष्य में बाढ़ की तीव्रता को नियंत्रित किया जा सके ।
माननीय विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि इस विषय को प्रदेश सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा तथा संबंधित विभागों से समन्वय कर शीघ्र समाधान हेतु प्रयास किए जाएंगे ।
इस अवसर पर बाढ़ नियंत्रण समिति बाशिंग के अध्यक्ष दिनेश सेन सहित निवर्तमान उपप्रधान ग्राम पंचायत बाशिंग विजय कुमार, राजेश शास्त्री, गुगा देवता कमेटी प्रधान जय चन्द, पुजारी हरी चन्द, जगन्नाथ, दुनी चन्द, विनोद नाग, परमानंद एवं स्थानीय निवासी उपस्थित रहे ।
कुल्लू ब्यूरो सुशांत शर्मा की रिपोर्ट….

Share the news