बिलासपुर गोलीकांड: फरार चौथा शूटर अमन उर्फ काकू प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया, अदालत ने दी कस्टडी

बिलासपुर।
14 मार्च 2025 को जिला बिलासपुर में पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहा चौथा शूटर अमन उर्फ काकू को जिला पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर रोहतक (हरियाणा) से बिलासपुर लाकर अदालत में पेश किया।

गौरतलब है कि थाना सदर में दर्ज मुकदमा नंबर 58/25 की जांच के दौरान सामने आया था कि चार हमलावरों ने पूर्व विधायक पर गोलियां चलाई थीं। पुलिस पहले ही तीन शूटरों समेत पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि अमन कुमार फरार चल रहा था। उसकी तलाश पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली सहित कई राज्यों में की जा रही थी।

20 जनवरी 2026 को हरियाणा पुलिस की एसटीएफ टीम ने उसे एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया था। आरोपी के खिलाफ हरियाणा में भी आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।

आरोपी अमन उर्फ काकू (20), निवासी गांव रटौली, जिला रोहतक (हरियाणा) को शुक्रवार को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे मुकदमा नंबर 58/25 में कस्टडी हस्तांतरित करने के आदेश दिए हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में आगे भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

Share the news