
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
15 फरवरी 2023
प्रदेश सरकार ने भले ही 300 यूनिट बिजली मुफ्त देने की गारंटी दी है, मगर अब उपभोक्ताओं को 125 यूनिट बिजली भी निशुल्क नहीं मिल रही है। इन दिनों दाड़लाघाट क्षेत्र में लोगों के भारी भरकम बिजली के बिल आ रहे हैं, जिससे लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। क्षेत्र के निकटवर्ती गांव मझेड, गवाह, धोबटन के लोगों को विद्युत बोर्ड तीन माह का बिल एक साथ थमा दिया है। स्थानीय ग्रामीण सतीश कुमार, जय चंद, गोविंद, देविंद्र, रमेश कुमार, विनोद, धर्मचंद, मुकेश, विवेक, कुलदीप आदि ने बताया कि तीन माह बाद एकमुश्त बिजली के बिल हजारों में आ रहे हैं, जबकि उससे पहले उन्हें कोई बिल नहीं आ रहा था। मगर इस बार उन्हें 1500 से ज्यादा रुपये के बिल थमा दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बोर्ड या तो उन्हें हर माह बिल दे या फिर एक साथ हजारों रुपये बिल जारी न करे। उन्होंने कहा कि सरकार ने 300 यूनिट बिजली मुफ्त देने की घोषणा की थी, मगर अब पूर्व सरकार की 125 यूनिट भी नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र में जारी किए बिलों की दोबारा जांच की जाए, ताकि ग्रामीणों पर बोझ न पड़े। उधर, इसके बारे में विद्युत के कनिष्ठ अभियंता दाड़लाघाट हितेश गौतम ने कहा कि उनके पास बिल काटने वाली मशीनें कम होने के कारण बिल देने में देरी हो रही है। कई बार मशीनें खराब भी हो जाती हैं, इस कारण बिल लेट हो जाते हैं। उच्च अधिकारियों को इसके बारे में लिख दिया है, जल्द ही लोगों को देरी से आने वाले बिलों की समस्या का समाधान कर देंगे।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





