
ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन
10 मई 2023

भाजपा के पूर्व प्रदेश सह मीडिया प्रभारी और केंद्रीय रेलवे बोर्ड के सदस्य रहे वयोवृद्ध नेता हरिओम भनोट ने पार्टी के ही कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें हार का कारण बताया है। हरिओम भनोट ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं ने चुनाव के दौरान यदि पार्टी का विरोध नहीं किया तो पार्टी के पक्ष में काम भी नहीं किया है।
उन्होंने कहा कि समय रहते वो कुछ हिदायतें पहले भी पार्टी नेतृत्व को दे चुके हैं लेकिन उन पर भी अमल नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि पार्टी में निकम्मे लोगों को जिम्मेदारियां दी गई है जबकि काम करने वाले लोगों को घर बैठा दिया गया है। यही कारण है कि पार्टी हिमाचल प्रदेश में लगातार कमजोर हो रही है।
हरिओम भनोट ने कहा कि पार्टी नेतृत्व का कार्यकर्ताओं के साथ कोई संपर्क ही नहीं है। उन्होंने भाजपा के संगठनात्मक ढांचे में किए जा रहे हैं फेर बदल को लेकर तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि संगठनात्मक फेरबदल में पार्टी के सच्चे सिपाहियों को किसी भी ओहदे पर तैनात नहीं किया जा रहा है।
हरिओम भनोट ने कहा कि चुनाव से पूर्व भी उन्होंने काम नहीं करने वाले मंत्रियों और पार्टी के पदाधिकारियों को कार्यभार से मुक्त करने की बात कही थी लेकिन इन चीजों पर पार्टी नेतृत्व द्वारा गौर ही नहीं फरमाया गया। उन्होंने कहा कि देश भर में भाजपा मजबूत है लेकिन हिमाचल में भाजपा को मजबूत करने के लिए बहुत काम करना बाकी है।
ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन





