

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
2 दिसंबर 2024
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के जन्म दिवस पर भंजवाणी पुल पुनर्निर्माण समिति द्वारा एम्स परिसर में लंगर का आयोजन किया गया। भंजवाणी पुल पुनर्निर्माण समिति के अध्यक्ष एवं औहर पंचायत के पूर्व प्रधान देश राज शर्मा की अगुवाई में समिति के पदाधिकारियों ने एम्स में उपचाराधीन मरीजों व उनके तीमारदारों को खाना बांटा। भंजवाणी पुल पुनर्निर्माण समिति के अध्यक्ष देश राज शर्मा ने बताया कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की बदौलत ही आज भंजवाणी में पुल बनने का सपना साकार हो रहा है। समिति पिछले करीब 60 वर्षों से पुल निर्माण की मांग कर रही थी। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने समिति की मांग को पूरा करवाया और इसके लिए 103 करोड़ 32 लाख रुपए 10 अगस्त, 2022 को मंजूर करवाए थे।
उन्होंने बताया कि मौजूदा समय इस पुल के दोनों ओर बनने वाली संपर्क सड़क के लिए निजी भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है तथा 11 बीघा में से केवल 22 बिस्वा जमीन का अधिग्रहण होना शेष रह गया है। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त बिलासपुर जैसे छोटे से जिला में एम्स जैसी सौगात भी केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के कारण ह मिली हैं। एम्स के कारण लोगों को अब आई.जी.एम.सी. शिमला व पी.जी.आई. चंडीगढ़ जाने से राहत मिल गई है। बिलासपुर जिला के योगदान में नड्डा का विशेष योगदान रहा है। उन्होंने बताया कि समिति ने पुल निर्माण का रास्ता साफ होने के कारण नड्डा के जन्म दिवस पर लंगर लगाया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की ताकि वे इसी प्रकार बिलासपुर के विकास में अपना निरंतर योगदान देते रहें। इस अवसर पर देवी राम चौहान, राम चौहान, बालक राम, रमलू राम, नानक राम ठाकुर, अंजीव चंदेल, मदन लाल, भरत भूषण ठाकुर, आकाश शर्मा व मजनू राम आदि विशेष रूप से मौजूद रहे।



