
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
6 मार्च 2023
पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय पंडित सुखराम के बेटे एवं सदर से भाजपा विधायक अनिल शर्मा ने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार के शासन में कुछ लोगों ने उन्हें काम नहीं करने दिया। अब वह क्षेत्र का हर तरह से विकास करवाएंगे। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उनके मंत्रियों से मेरे बेहतर संबंध हैं, जो क्षेत्र के विकास में बहुत ही फायदेमंद साबित होंगे। यह बात उन्होंने प्रेस वार्ता में कही। उन्होंने कांग्रेस के मंडी के एक बड़े नेता पर भी तंज किया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय पंडित सुखराम की अब कोई पहचान नहीं है, यह कहने वाले नेताओं की अब बोलती बंद हो गई है।
अनिल शर्मा पिछले दो कार्यकाल में भी मंत्री रहते हुए अपनी ही सरकारों के खिलाफ असंतोष से कडे तेवर दिखा चुके हैं। वह जब वीरभद्र सरकार में मंत्री थे तो भी ऐसा कर चुके हैं, जयराम सरकार में तो वह अक्सर विरोध जताते रहे। उन्होंने कहा कि मंडी के एक बड़े नेता ने चुनाव से तीन चार दिन पूर्व बयान देकर कहा था कि पं. सुखराम की कभी पहचान थी मगर अब नहीं है। उन्होंने कहा कि यह बेटा होने के नाते मेरे लिए एक चुनौती थी और इस चुनाव में सदर की जनता ने यह साबित कर दिया कि आज भी पंडित सुखराम की पहचान है, जबकि बयान देने वाले वो नेता चुनाव हार गए हैं।उन्होंने कहा कि हिमाचल में पांच साल बाद सत्ता परिवर्तन की परंपरा कायम रही। इसके चलते जनकल्याण की कई योजनाएं लागू करने के बाद भी भाजपा दोबारा सरकार नहीं बना पाई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दस गारंटियों की वजह से सत्ता में आई है। यह अलग बात है कि कांग्रेस सरकार इसमें कितनी सफल हो पाती है। कहा कि आज तक हुए 13 चुनावों में से आठ पंडित सुखराम और पांच उन्होंने स्वयं लड़े और जीते हैं।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





