भारी बारिश ने तबाह किए खेत व फसलें, घरों में घुसा पानी

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

20 जुलाई 2023

 उपमंडल सलूणी में मूसलाधार बारिश ने लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। सलूणी के अथेड़ गांव में सुबह जब लोग उठे तो देखा कि खेतों व रास्तों में अत्यधिक पानी बह रहा है। अथेड-हलेला नाले ने भी रौद्र रूप धारण किया हुआ था और यह नाला खेतों की तरफ मुड़ गया है। उधर ग्राम पंचायत दिघाई के भेडोग, शाला, इंद्रेश्वर, मडोना, इंदरवाल में भी बारिश का तांडव देखने को मिला, जहां लोगों के घरों मे पानी भर गया और कई खेत तबाह हो गए। पानी का बहाव इतना तेज था कि खेत में लगे पेड़ भी जड़ों सहित उखड़ गए हैं। लोगों ने पानी के बहाव से अपने घरों व माल मवेशियों की जान बड़ी मुश्किल के साथ बचाई है। किसानों की मक्की की फसल पूरी तरह तबाह होने के साथ-साथ हलेला व अथेड में प्राकृतिक जल स्त्रोत भी मलबे के नीचे दब गए हैं। पेयजल लाइन टूट चुकी है। क्षेत्र के बुजुर्गों की मानें तो इतनी बारिश उन्होंने जीवन में पहली बार देखी है।

पंचायत प्रधान और समाज सेवी अंजू धीमान ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया और लोगों से हर संभव मदद की बात कही। पंचायत प्रधान केशव राम ठाकुर ने कहा कि दिघाई पंचायत में जो लोगों का नुकसान हुआ है, उसकी रिपोर्ट बनाकर सरकार को भेजेंगे और लोगों को उचित मुआवजा देने की मांग करेंगे।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news