भुंतर में भाजपा का ‘समर्पण दिवस’ कार्यक्रम, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने साधा प्रदेश सरकार पर निशाना

कुल्लू- जिला कुल्लू के भुंतर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा समर्पण दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बतौर मुख्य वक्ता शिरकत की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
अपने संबोधन में जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश आर्थिक संकट से गुजर रहा है और सरकार एक-एक कर संस्थान और योजनाएं बंद कर रही है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार से प्रदेश की जनता और कर्मचारी वर्ग दोनों परेशान हैं। विकास कार्य ठप पड़े हैं और प्रदेश की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
जयराम ठाकुर ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि आगामी चुनावों के लिए अभी से तैयार रहें और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करें, ताकि भाजपा दोबारा प्रदेश में मजबूती से सरकार बना सके।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

Share the news