
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने आज उपमंडल जोगिंदर नगर के अंतर्गत तहसील जोगिंदर नगर तथा तहसील लडभड़ोल में राजस्व मामलों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि राजस्व मामलों के समयबद्ध एवं त्वरित निपटारे को प्रदेश सरकार सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान कर रही है, इसलिए सभी राजस्व अधिकारी निर्धारित समयावधि में लंबित मामलों का निपटारा सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि सबसे पुराने मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने तकसीम (विभाजन) से संबंधित मामलों के शीघ्र निपटारे पर विशेष बल देते हुए कहा कि सभी राजस्व अधिकारी फील्ड मामलों को पूरी गंभीरता से निपटाएं। मुख्यमंत्री की पहल पर प्रदेश सरकार द्वारा प्रत्येक सप्ताह तीन दिन राजस्व अदालतें लगाकर मामलों के त्वरित निपटारे के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत सभी संबंधित अधिकारी प्रत्येक सप्ताह मंगलवार, बुधवार व शुक्रवार को न्यायालय आयोजित करते हुए पेशियों की तिथियां निर्धारित करें।
उन्होंने कहा कि लंबित मामलों को शून्य स्तर पर लाने की दिशा में सभी राजस्व अधिकारी पूरी लगन व निष्ठा से कार्य करें। इसमें पटवारी, कानूनगो, तहसीलदार सहित समस्त राजस्व अधिकारियों का आपसी समन्वय एवं सहयोग आवश्यक है।
समीक्षा के दौरान प्रत्येक कानूनगो वृत्त के कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। उपायुक्त ने सभी राजस्व अधिकारियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें जनहित में पूरी निष्ठा व प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को सरकार की इस पहल का समय पर लाभ मिल सके।
उपायुक्त ने बताया कि दोनों तहसीलों में राजस्व कार्य संतोषजनक एवं सुचारू रूप से संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि तहसील लडभड़ोल में वर्तमान में कोई भी राजस्व मामला लंबित नहीं है तथा यहां लंबित मामलों की संख्या लगभग शून्य है।
इसके अलावा उपायुक्त अपूर्व देवगन ने आज लडभड़ोल पंचायत में चिट्टे व नशे के खिलाफ आयोजित विशेष ग्राम सभा की भी अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने लोगों से चिट्टे जैसी सामाजिक बुराई के विरुद्ध एकजुट होकर खड़े होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति बल्कि परिवार और समाज को भी गंभीर रूप से प्रभावित करता है, इसलिए इसके खिलाफ सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
उपायुक्त ने ग्राम सभा में उपस्थित विभिन्न संस्थाओं, महिला मंडलों, युवक मंडलों तथा समस्त ग्रामवासियों से आग्रह किया कि चिट्टे जैसी कुरीति को समाज से जड़ से समाप्त करने के लिए सभी को एक साथ खड़ा होना होगा। उन्होंने नशे के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई में प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आह्वान करते हुए कहा कि जनसहयोग से ही इस अभियान को प्रभावी रूप से सफल बनाया जा सकता है।
इस दौरान मिनी सचिवालय जोगिंदर नगर के बाहर शानन क्षेत्र के लोग भी अपनी विभिन्न शिकायतों को लेकर उपायुक्त से मिले, जिस पर उन्होंने संबंधित समस्याओं के समयबद्ध समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी (ना.) मनीष चौधरी, जिला राजस्व अधिकारी हरीश शर्मा सहित अन्य सभी राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।





