मंडी : एसडीएम ने बगशाड स्कूल का किया औचक निरीक्षण, बच्चों के लिए बनने वाले मिड डे मील को जांचा

एसडीएम करसोग गौरव महाजन ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बगशाड का औचक निरीक्षण कर स्कूल में बच्चों के लिए बनने वाले मिड डे मील की जांच की। इस दौरान एसडीएम ने प्रतिदिन बच्चों को दिए जाने वाले डाइट चार्ट और बच्चों के लिए बनाए गए भोजन का भी अवलोकन किया। उन्होंने स्कूल प्रशासन, विशेष रूप से मिड डे मील प्रभारी को प्रतिदिन सरकार द्वारा निर्धारित मेन्यू के अनुसार प्रोटीन युक्त भोजन प्रदान करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्कूल में बच्चों के लिए बनने वाले मिड डे मील पर संतुष्टि व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य सरकारी स्कूलों में कक्षा 1 से 8 वीं तक के बच्चों के पोषण स्तर में सुधार करना, उनकी स्कूल में उपस्थिति और नामांकन बढ़ाना और उन्हें सामाजिक समानता सिखाना है। ताकि बच्चों को कुपोषण और भुखमरी का सामना न करना पड़े और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
उन्होंने कहा कि यह योजना बच्चों को स्कूल में ही पौष्टिक भोजन देकर उनकी शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों का समर्थन करती है। जिस संबंध में सभी की सकारात्मक और प्रभावी प्रयास करने चाहिए।

Share the news