
मंडी। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी की सदर विधानसभा से ताल्लुक रखने वाले युवा नेता राजेन्द्र कुमार (रवि राजपूत) को युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनका चयन ‘यंग इंडिया के बोल’ कार्यक्रम के तहत किया गया है।
गौरतलब है कि राजेन्द्र कुमार इससे पहले युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनका राजनीतिक सफर वर्ष 2009 से छात्र राजनीति के माध्यम से शुरू हुआ। संगठन के प्रति ईमानदारी, समर्पण और जिम्मेदारियों के प्रति निष्ठावान रवैये के चलते आज वे इस महत्वपूर्ण मुकाम तक पहुंचे हैं।
इस अवसर पर राजेन्द्र कुमार ने कहा कि वे कांग्रेस पार्टी और युवा कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के प्रति दिल से आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने उन्हें इस बड़ी जिम्मेदारी के योग्य समझा। उन्होंने युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु तथा महासचिव नेगी निगम भंडारी का विशेष रूप से धन्यवाद किया।
उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि वे अपनी जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे तथा जनता की आवाज को हर मंच पर मजबूती से उठाने का सतत प्रयास करेंगे।





