
सुंदरनगर (मंडी): सुंदरनगर में एक सड़क हादसे के बाद इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। दुर्घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने बिखरे हुए पैसे और अन्य सामान तो इकट्ठा कर वापस कर दिए, लेकिन इसी बीच लाखों रुपये के गहनों से भरा एक बॉक्स गायब हो गया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद सड़क पर कई कीमती सामान बिखर गया था। आसपास मौजूद लोगों ने मदद करते हुए काफी सामान और नकदी को इकट्ठा कर पीड़ित पक्ष को सौंप दिया। हालांकि इसी दौरान किसी व्यक्ति ने गहनों से भरा बॉक्स उठा लिया, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। वीडियो में कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दे रही हैं, जिनकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति या इस घटना से जुड़ी कोई जानकारी हो, तो तुरंत सुंदरनगर पुलिस को सूचित करें। साथ ही यह भी कहा गया है कि यदि किसी ने अनजाने में या गलती से वह बॉक्स उठा लिया हो, तो उसे वापस कर इंसानियत का परिचय दें। पुलिस का कहना है कि जनता की एक छोटी सी जानकारी भी लाखों रुपये के गहनों को वापस दिलाने में मददगार साबित हो सकती है।





