मंडी जिला में आपदा पीड़ितों को संबल: विशेष राहत पैकेज से धियूं के धर्मपाल का फिर बसने लगा आशियाना

मंडी,
बरसात में उजड़े हर आँगन को फिर से गुलजार करने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए वर्तमान सरकार मजबूत सहारा बनकर उभरी है। गत बरसात में घर गंवाने वाले परिवारों को बढ़ी हुई सहायता राशि मिलने से अब उनके टूटे आशियाने फिर बसने लगे हैं।

सदर उपमंडल की ग्राम पंचायत बीर के धियूं गांव निवासी धर्मपाल सिंह भी ऐसे ही प्रभावितों में शामिल हैं। 16 अगस्त 2025 की रात हुई भारी बारिश ने उनका पांच कमरों का मकान क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ ही एक पशुशाला और करीब अढ़ाई बीघा जमीन भी बह गई। अचानक आई इस आपदा से परिवार बेघर हो गया और रिश्तेदारों के यहां शरण लेनी पड़ी।

राज्य सरकार द्वारा घोषित विशेष राहत पैकेज के तहत धर्मपाल को मकान निर्माण के लिए 7 लाख रुपये तथा घरेलू सामान के लिए 1 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पहली किस्त के रूप में 4 लाख रुपये जारी हो चुके हैं, जिससे उन्होंने नए घर का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। पशुशाला के लिए भी अलग से सहायता राशि प्रदान की गई है।

धर्मपाल का कहना है कि परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और सरकारी सहायता के बिना मकान बनाना संभव नहीं था। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की मदद से उनका टूटा घर और गौशाला फिर से बन रहा है और उम्मीद है कि अगली बरसात से पहले घर तैयार हो जाएगा।

प्रदेश सरकार ने आपदा प्रभावितों के लिए मुआवजा राशि में ऐतिहासिक वृद्धि की है। पहले पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त मकान पर 1.50 लाख रुपये मिलते थे, जिसे बढ़ाकर 7 लाख रुपये कर दिया गया है। घरेलू सामान के लिए 1 लाख रुपये अतिरिक्त दिए जा रहे हैं। इस प्रकार कुल 8 लाख रुपये की सहायता से प्रभावित परिवारों को सामान्य जीवन की ओर लौटने में मदद मिल रही है।

प्रदेश भर में आपदा प्रभावित घरों के पुनर्निर्माण के लिए 141.61 करोड़ रुपये तथा किराए के मकानों में रह रहे परिवारों के लिए 8.97 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी की जा चुकी है।

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि मंडी जिला में वर्ष 2025 की बरसात से प्रभावितों को गृह निर्माण एवं मरम्मत के लिए लगभग 31.81 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। इसमें पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त 717 घरों के लिए 19.30 करोड़ रुपये से अधिक तथा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त 1406 मकानों के लिए 12.50 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है।

आपदा में उजड़े हर घर और सूने आँगन को फिर से बसाने के लिए सरकार युद्धस्तर पर कार्य कर रही है।

— जारीकर्ता: जिला लोक सम्पर्क अधिकारी, मंडी (हि.प्र.)

Share the news