
जोगिंद्रनगर
मंडी जिले के जोगिंद्रनगर उपमंडल की भराडू पंचायत में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां बेरोजगारी और मानसिक तनाव से जूझ रहे एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार युवक बसेहड़ (स्पैडू) गांव का निवासी था और स्नातक करने के बाद लंबे समय से रोजगार की तलाश में था। गुरुवार सुबह वह अपने कमरे में था, जहां परिजनों ने उसे फंदे पर लटका हुआ पाया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। दोपहर बाद भराडू पंचायत में युवक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।





