मंडी : नेरचौक में 74.80 ग्राम चिट्टा बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

मंडी,
नशे के खिलाफ अभियान के तहत मंडी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस थाना बल्ह की टीम ने नेरचौक क्षेत्र में 74.80 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार 19 जनवरी को पीएस बल्ह की पुलिस टीम ने नेरचौक स्थित मेडिकल कॉलेज कॉलोनी के पास गश्त के दौरान एक संदिग्ध कार को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान वाहन के अंदर छिपाकर रखा गया हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया गया।

पुलिस ने मौके पर ही आरोपी अब्दुल मोमिन (31) निवासी सुंदरनगर, जिला मंडी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना बल्ह में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि नशीला पदार्थ कहां से लाया गया और किन लोगों तक इसकी आपूर्ति की जानी थी।

मंडी पुलिस ने दोहराया है कि जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Share the news