मंडी: मुख्यमंत्री की सभा में गर्माया माहौल, विधायक विनोद कुमार के बयान पर मंच से ही मिला जवाब.

मंडी जिले के बग्गी क्षेत्र में आयोजित मुख्यमंत्री की जनसभा उस समय चर्चा का विषय बन गई, जब नाचन विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनोद कुमार के संबोधन के दौरान माहौल कुछ देर के लिए गर्मा गया।

दरअसल, जैसे ही विधायक विनोद कुमार मंच से बोलने के लिए खड़े हुए, जनसभा में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और उनके साथ आए भाजपा समर्थकों के बीच नारेबाजी शुरू हो गई। दोनों पक्षों की आवाजें तेज होने से कुछ समय के लिए सभा स्थल का माहौल तनावपूर्ण हो गया, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य कर दी गई।

अपने संबोधन में विधायक विनोद कुमार ने मुख्यमंत्री का नाचन विधानसभा क्षेत्र में आने पर स्वागत किया और कहा कि क्षेत्र के लिए जिन विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया है, उनकी आधारशिला पूर्व की भाजपा सरकार के समय रखी गई थी। उन्होंने कहा कि उस समय इन परियोजनाओं के लिए बजट का प्रावधान भी किया गया था, जिसके चलते आज इन योजनाओं का उद्घाटन संभव हो पाया है।

विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले तीन वर्षों में नाचन विधानसभा क्षेत्र के लिए कोई बड़ा वित्तीय प्रावधान नहीं किया गया। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री से लोअर नाचन क्षेत्र के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएससी) स्थापित करने की मांग भी रखी। उनका कहना था कि लोअर नाचन की करीब 32 पंचायतों में स्वास्थ्य सुविधा के लिए कोई सीएससी उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण लोगों को उपचार के लिए सुंदरनगर या नेरचौक का रुख करना पड़ता है।

उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व सरकार के दौरान सीएससी खोलने की अधिसूचना जारी की गई थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने उसे निरस्त कर दिया।

विधायक के इन आरोपों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्व की सरकार ने लोअर नाचन में सीएससी खोलने की जो अधिसूचना जारी की थी, वह कार्यकाल के अंतिम महीनों में बिना पर्याप्त बजट प्रावधान के जारी की गई थी। मुख्यमंत्री ने इसे राजनीतिक घोषणा करार देते हुए कहा कि यदि यह निर्णय समय रहते और बजट के साथ लिया जाता तो इसे निरस्त करने की स्थिति पैदा नहीं होती।

मुख्यमंत्री ने मंच से ही यह भी कहा कि विधायक लंबे समय से क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और उन्हें विकास के मुद्दों पर गंभीरता से काम करना चाहिए।

जनसभा में कुछ देर तक गर्माए माहौल के बावजूद कार्यक्रम बाद में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

Share the news