मंडी में प्रस्तावित ग्रीन फील्ड हवाई अड्डे के निर्माण को मिलेगी रफ्तार पर्यावरण स्वीकृति, सोशल इंपैक्ट एसेसमेंट व डीपीआर के बाद केंद्र से मिलेगी अंतिम मंजूरी

जिला मंडी की बल्ह घाटी के नागचला में प्रस्तावित ग्रीन फील्ड हवाई अड्डे के निर्माण कार्य को जल्द गति मिलने की संभावना बढ़ गई है। भारत सरकार द्वारा इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए साइट क्लियरेंस पहले ही प्रदान की जा चुकी है, जिससे परियोजना को महत्वपूर्ण बढ़ावा मिला है।
प्रस्तावित हवाई अड्डे के निर्माण, भूमि अधिग्रहण तथा अन्य आवश्यक कार्यों पर लगभग चार से साढ़े चार हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर लंबे समय से मंडी हवाई अड्डे को अपना ड्रीम प्रोजेक्ट बताते आए हैं। ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट पॉलिसी-2008 के तहत परियोजना को प्रथम चरण की साइट क्लीयरेंस मिल चुकी है। यह परियोजना प्रदेश सरकार और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया का संयुक्त उपक्रम (जॉइंट वेंचर) होगी। हवाई अड्डे के निर्माण के लिए लगभग 3500 बीघा भूमि अधिग्रहित की जाएगी।

जनवरी 2026 में प्रदेश सरकार ने जिलाधीश मंडी की अध्यक्षता में सोशल इंपैक्ट एसेसमेंट समिति का गठन किया है।
ब्रिगेडियर खुशहाल ठाकुर के अनुसार, पर्यावरण स्वीकृति, सोशल इंपैक्ट एसेसमेंट रिपोर्ट तथा डीटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार होने के बाद केंद्र सरकार द्वारा परियोजना को अंतिम मंजूरी प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भूमि अधिग्रहण कानून-2013 के तहत पूरी की जाएगी।

Share the news