
मंडी/शिमला | हिमाचल प्रदेश के मंडी में बारिश और भूस्खलन से तबाही मचाई है। मंडी जिले के सुंदरनगर में भारी भूस्खलन हुआ है। भूस्खलन की चपेट में आने से दो मकान जमींदोज हो गए। मकानों के अंदर मौजूद लोग मलबे में दब गए। छह लोगों के शव निकाल लिए गए हैं। सुंदरनगर उपमंडल के जंगमबाग में मंगलवार शाम को अचानक हुए भीषण भूस्खलन ने पूरे इलाके को दहला दिया। चंद सेकंड में पहाड़ी से आए मलबे की जद में दो मकान आ गए और दो परिवारों के सदस्य मलबे में दफन हो गए। इनमें से तीन के शव मंगलवार को बरामद हो गए थे। बुधवार को भी तीन और शव बरामद किए गए हैं।
एनडीआरएफ की टीम ने घर की छत काटकर दो शवों को निकाला। दोनों की पहचान सुरेंद्र कौर और गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई। इसके अलावा मलबे से एक व्यक्ति का और शव मिला। यह शख्स स्कूटर समेत दबा हुआ था। इसकी पहचान डढ़याल निवासी प्रकाश शर्मा के रूप में हुई।तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी भी तलाशी आपरेशन जारी है। स्कूटर सवार के साथ किसी और के होने की भी आशंका जताई जा रही है। इसके अलावा पहले से चल रही टाटा सूमो के दबे होने की सूचना को लेकर भी सर्च आपरेशन जारी है।
एक घंटे तक मलबे से सुनाई देती रही चीख-पुकार
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मकान गिरने के करीब एक घंटे तक मलबे से लोगों की चीख पुकार सुनाई देती रही, उसके बाद आवाजें थम गईं। मलबे के आगे बेबस लोग कुछ नहीं कर पाए। दो परिवार के सदस्यों के अलावा मलबे की चपेट में एक वाहन भी आया।उधर, पहाड़ी से मलबा आने के बाद साथ लगते मकानों के लोग खतरे को देखकर भाग गए। स्थानीय निवासी नागेश ने बताया कि मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे घटना का पता चला तो वह मदद करने पहुंचे।
‘जोरदार धमाके की आवाज सुनी’
बताया कि मलबे से करीब एक घंटे तक चीख पुकार सुनाई देती रही। 100 मीटर ऊंची पहाड़ी है। यहां सड़क है और सड़क से नीचे दो मकान थे। चांबी पंचायत के उपप्रधान आशीष रावत ने बताया कि उनका घर घटनास्थल के पास ही है। जोरदार धमाके की आवाज सुनी तो मौके पर पहुंचा। देखा कि दोनों मकान मलबे चपेट में आए हैं। उनके पास मशीनरी थी, जिसे मौके पर लगाया गया और खुद मलबा हटाना शुरू किया। सूचना के बाद प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा।
चार जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, छह में आज स्कूल बंद
प्रदेश के चार जिलों कांगड़ा, मंडी, सिरमौर और किन्नौर के कुछ स्थानों पर बुधवार को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऊना और बिलासपुर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी बारिश के आसार हैं। आठ सितंबर तक मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर शिमला, सोलन, सिरमौर, कांगड़ा, बिलासपुर और कुल्लू में बुधवार को भी शिक्षण संस्थानों में छुट्टी कर दी गई है।
मंडी जिले में कोटली, पधर, सरकाघाट, बल्ह, करसोग, बालीचौकी, सुंदरनगर, थुनाग, गोहर उपमंडल में शिक्षण संस्थान आज बंद रहेंगे। खराब मौसम को देखते हुए फैसला लिया गया है। आदेश जारी कर दिए गए हैं। धर्मपुर उपमंडल में भी शिक्षण संस्थान में छुट्टी के आदेश जारी किए गए हैं।





