
मंडी जिला के सुंदरनगर उपमंडल अंतर्गत दुर्गम क्षेत्र निहरी के जंगल से 10वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा का शव क्षत-विक्षत हालत में बरामद किया गया है। छात्रा बीते 6 दिनों से लापता थी। मंगलवार को मंडी पुलिस ने ड्रोन की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाते हुए बड़ेहन जंगल में सड़क से करीब 150 मीटर ऊपर एक ढांक के पास शव को खोज निकाला।
मृतका 30 दिसंबर को रहस्यमयी परिस्थितियों में घर से लापता हो गई थी। परिजनों द्वारा तलाश के बाद 1 जनवरी को पुलिस थाना बीएसएल कॉलोनी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। शव पर जंगली जानवरों द्वारा नोचे जाने के कई निशान पाए गए हैं। मृतका के पिता भुवन देव ने शव की पहचान की।
घटनास्थल पर एसपी मंडी साक्षी वर्मा और डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी अहम साक्ष्य जुटाए हैं। एसपी साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जो बुधवार को किया जाएगा। फिलहाल परिजनों ने किसी पर संदेह नहीं जताया है, लेकिन पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच कर रही है।





