
मंडी जिला के बल्ह उपमंडल के लोहारा गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक रिटायर फौजी दादा बहादुर सिंह ने अपने ही पोते उमेश कुमार को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को पहले नेरचौक मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी दादा अक्सर शराब के नशे में परिवार से झगड़ा करता था। रविवार को भी किसी बात को लेकर पोते से बहस हुई, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने अपनी लाइसेंसी बंदूक से नजदीक से गोली चला दी। गोली बाजू और पीठ में लगी, जिससे युवक लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आरोपी की पिटाई कर दी, जिससे वह भी घायल हो गया। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मंडी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।





