
मंडी शहर में उस समय सनसनी फैल गई जब आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली 13 वर्षीय छात्रा अचानक लापता हो गई। छात्रा पिछले कल से घर नहीं लौटी, जिसके बाद परिजनों की चिंता रातभर बेचैनी में बदल गई। परिवार के सदस्य पूरी रात शहर की गलियों, मोहल्लों और संभावित स्थानों पर उसे ढूंढ़ते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया।थक-हारकर परिजनों ने मंडी शहरी पुलिस चौकी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत हरकत में आ गई है। इस संबंध में मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत मिलते ही मामला दर्ज कर लिया गया है और छात्रा की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीम गठित कर दी गई है।एसपी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गहन जांच कर रही है। आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस की टीमें लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं और हर संभावित कड़ी को जोड़ने का प्रयास कर रही हैं।





