
मंडी : जिला मुख्यालय मंडी में 12 अप्रैल (रविवार) को संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित एनडीए एवं एनए (I) तथा सीडीएस (I), 2026 की लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में कुल 1587 अभ्यर्थी भाग लेंगे। परीक्षा के लिए सात परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त मंडी गुरसिमर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित कर लिए गए हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करें।
सीडीएस (I), 2026 की परीक्षा दो केंद्रों—वल्लभ कॉलेज मंडी (उप केंद्र-001) और वल्लभ कॉलेज मंडी (उप केंद्र-002) में आयोजित होगी। यह परीक्षा तीन सत्रों में होगी। पहला सत्र सुबह 9 बजे से 11 बजे तक, दूसरा सत्र दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक और तीसरा सत्र शाम 4 बजे से 6 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
वहीं एनडीए एवं एनए (I), 2026 की परीक्षा पांच केंद्रों पर आयोजित होगी। इनमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (गर्ल्स) मंडी, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान मंडी, इंडस ग्लोबल स्कूल गागल रोड, द फीनिक्स स्कूल बैहना तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बॉयज) भंगरोटू शामिल हैं। यह परीक्षा दो सत्रों में होगी—पहला सत्र सुबह 10 बजे से 12:30 बजे तक और दूसरा सत्र दोपहर 2 बजे से 4:30 बजे तक रहेगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले सभी परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। साथ ही, सभी अभ्यर्थियों के लिए ई-एडमिट कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा, बिना इसके प्रवेश नहीं मिलेगा।





