
सराज विधानसभा क्षेत्र में कुछ घंटों के भीतर एक और सड़क हादसा सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नेक राम (49) पुत्र स्वर्गीय शंकर दास, निवासी गाँव सुनास की आल्टो कार (नंबर HP32B0460) देर रात अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी और वह काल का ग्रास बन गए।
बताया जा रहा है कि वह बगस्याड से अपनी आल्टो कार में सवार होकर अपने घर सुनास जा रहे थे। यह सड़क हादसा बगस्याड–शिकावरी सड़क पर आईपीएच रेस्ट हाउस के पास हुआ है।
हादसे का पता सुबह उस समय चला जब ग्रामीणों ने सड़क से नीचे एक कार गिरी हुई देखी। जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पास जाकर देखा तो कार के अंदर सुनास गाँव के नेक राम मृत अवस्था में पाए गए।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना तुरंत परिजनों और जंजैहली पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। हादसा किन कारणों से हुआ, इसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।





