
कुल्लू- मणिकर्ण घाटी की मणिकर्ण–बरशेणी सड़क पर घटीगढ़ के पास लगातार हो रहे भारी भूस्खलन ने स्थानीय लोगों और सैलानियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पहाड़ से लगातार पत्थर और मलबा गिरने के कारण यहां से गुजरना बेहद जोखिम भरा हो गया है, इसके बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं।
बताया जा रहा है कि सड़क के कई हिस्सों पर बार-बार मलबा गिरने से यातायात बाधित हो रहा है। अचानक गिरते पत्थरों के चलते कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है, जिससे जान-माल का भारी नुकसान हो सकता है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और सड़क का स्थायी समाधान जल्द किया जाए, ताकि रोजाना सफर करने वालों को राहत मिल सके।
गौरतलब है कि मणिकर्ण–बरशेनी मार्ग पर्यटन की दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण है और प्रतिदिन सैकड़ों वाहन इस सड़क से गुजरते हैं। ऐसे में प्रशासन की ओर से त्वरित कार्रवाई की दरकार है।





