
खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन
6 मार्च 2023
जिला कुल्लू के पर्यटन नगरी मणिकर्ण में बीती रात के समय पर्यटकों के द्वारा मचाए गए हुए हुड़दंग के मामले को लेकर सोमवार सुबह हाथी थान में कुल्लू पुलिस ने नाका लगा दिया था। लेकिन अब नाका हटाकर पर्यटकों को मणिकरण भेजा जा रहा है। इसके अलावा सीपीएस सुंदर ठाकुर, डीआईजी मधुसूदन शर्मा भी पुलिस बल के साथ मणिकर्ण में पहुंच गए हैं ।
वहीं स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों के साथ हुई इस मुद्दे को लेकर वार्ता की जा रही है। हालांकि मारपीट करने वाले युवकों को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है और पुलिस प्रशासन सीसीटीवी कैमरों की मदद से उनकी पहचान करने में जुट गई है। लेकिन देर रात हुए इस प्रकरण के बाद मणिकरण घाटी में लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया है।
रविवार देर रात को पंजाब के लोगों ने हाथ मे डंडे लेकर रास्ते मे जो भी दिखा उसके साथ मारपीट करनी शुरू की। इस दौरान पांच लोगों को चोटें भी आई है। इतना ही नहीं इन पर्यटकों ने 12 गाड़ियों को पत्थर मारकर शीशे तोड़े क्षतिग्रस्त किया। एक गाड़ी के सभी शीशे तोड़कर भारी नुकसान पहुंचाया गया हैं। युवकों ने कई घरों पर पत्थर भी फेंके। स्थानीय लोगो के अनुसार पंजाब के लोग हाथ मे झंडे लेकर चले हुए थे।
इन लोगों ने रात को बाजार में दहशत का माहौल बनाया। इनको रास्ते में जो भी मिला उसकी पिटाई कर डाली और पूरे रास्ते में शोर मचाते हुए बोतलें तोड़ी और हाथों में ईंट लेकर रास्ते मे जो भी देखा उस पर हमला कर दिया। यही नहीं लोगों के घरों में पत्थर फैंके और कई मकानों को क्षति पहुंचाई।
कई मकानों के शीशे भी टूटे और बाजार व आस पास में खौफ का माहौल रहा। एक ढाबे में भी जबरन घुसे और वहां मारपीट पर उतारू हो गए। इससे पहले रविवार दिन को मनाली के ग्रीन टेक्स वैरियर पर भी पंजाबी पर्यटकों ने ग्रीन टेक्स देने को लेकर हंगामा किया था और करीब 100 मोटरसाइकिल खड़े करके नारेबाजी की थी।
स्थानीय दुकानदार का कहना है कि मारपीट करने वाले युवाओं ने कई दुकानों में भी तोड़फोड़ की और मंदिर में भी पथराव किया है, जिससे पूरी घाटी में दहशत का माहौल बना हुआ है। ऐसे में पुलिस प्रशासन को ऐसे आरोपी युवकों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए।
डीसी कुल्लू आशुतोष गर्ग का कहना है कि इस मामले को लेकर स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि ब ग्रामीणों के साथ भी बैठक की गई है और शांति व्यवस्था को बहाल किया जा रहा है। वहीं पुलिस प्रशासन ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई करने में जुट गया है।
वहीं, डीआईजी मधुसूदन शर्मा का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और सड़क मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरे को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।







