
नाहन |
खबर अभी अभी
आज माता पद्मावती कॉलेज ऑफ नर्सिंग, नाहन में लैंप लाइटिंग एवं शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कॉलेज अध्यक्ष अनिल जैन रहे। वहीं गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में प्रोफेसर अमर सिंह चौहान एवं मनीष जैन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ मुख्य अतिथि एवं कॉलेज की प्रधानाचार्य रिजी गीवर्गीस द्वारा किया गया। इसके पश्चात कॉलेज लेक्चरर अर्चिता शर्मा द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा गणेश वंदना से की गई।
इस अवसर पर छात्राओं ने फ्लोरेंस नाइटिंगेल के जीवन पर आधारित एक प्रभावशाली लघु नाटिका प्रस्तुत की, जिसमें नर्सिंग पेशे की पवित्रता, सेवा भावना और मातृत्व जैसी भूमिका को दर्शाया गया। नाटिका के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नर्स मानव जीवन की रक्षा और सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। फ्लोरेंस नाइटिंगेल और मदर टेरेसा ने नर्सिंग पेशे को वैश्विक स्तर पर सम्मान दिलाया है।
माता पद्मावती कॉलेज ऑफ नर्सिंग की 15वीं लैंप लाइटिंग सेरेमनी में कॉलेज की प्रधानाचार्य रिजी गीवर्गीस द्वारा छात्राओं को नर्सिंग पेशे की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं।
इसके पश्चात कॉलेज अध्यक्ष अनिल जैन द्वारा मुख्य अतिथियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में छात्राओं को समर्पण, सेवा भावना और कर्तव्यनिष्ठा के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य रिजी गीवर्गीस ने कहा कि नर्स के रूप में महिला शक्ति मानवता की सच्ची सेवा में लगी है। नर्सिंग पेशा पूर्ण समर्पण और संवेदनशीलता की मांग करता है, जो इसे एक विशिष्ट और सम्माननीय पेशा बनाता है।
इस अवसर पर नर्सिंग के प्रथम बैच की छात्राओं ने लैंप लाइटिंग सेरेमनी में भाग लिया और अपने पेशे के प्रति शपथ ग्रहण की। अंत में कार्यक्रम का विधिवत समापन किया गया।





