मानसून की दस्तक केे बाद जिला कुल्लू में भी हुई झमाझम बारिश

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

 7 जुलाई 2023

मानसून की दस्तक केे बाद जिला कुल्लू में अब जमकर बादल बरस रहे हैं। कुल्लू में शाम करीब साढ़े चार बजे के बाद बारिश का सिलसिला शुरू हुआ। जो शाम तक चलता रहा। आसमानी बिजली चमकने के साथ ही झमाझम बारिश और ऊंची चोटियों पर बर्फ के चलते जुलाई के पहले सप्ताह में तापमान में गिरावट आई है। तीन दिन पहले कुल्लू में काफी गर्मी महसूस हो रही थी। दो दिन हुई लगातार बारिश से लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिली है। हालांकि बारिश को बागवानी विशेषज्ञ सेब के लिए बेहतर मान रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि सेब का बारिश के चलते साइज अच्छा बनेगा। अच्छा साइज रहने से बागवानों को सेब के बेहतर दाम मिलेंगे।

वहीं दूसरी ओर शहर में बारिश से सड़के लबालब हो गईं। क्षेत्रीय अस्पताल से होकर कॉलेज चौक की तरफ निकलने वाली सड़क पर पानी जमा हो गई। नालियों की उचित निकासी न होने के चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि जिला प्रशासन की ओर से लोक निर्माण विभाग और नगर परिषद को नालियों को दुरूस्त रखने को कहा गया है। इसके बावजूद विभागों की तैयारी धरातल पर नजर नहीं आ रही है। हालांकि ब्यास और पार्वती नदी सहित अन्य नालों में जलस्तर बढ़ने के बाद प्रशासन ने लोगों एवं पर्यटकों को नदी-नालों से दूर रहने को कहा है। वहीं लाहौल-स्पीति जिले में वीरवार को बारिश हुई। बारिश के चलते अटल टनल रोहतांग से होकर लाहौल गए पर्यटकों को जल्दी लौटना पड़ा। बहरहाल कुल्लू एवं लाहौल में बारिश के बाद मौसम ठंडा हो गया है।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news