
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
16 सितंबर 2023

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पूरे देश के समक्ष एक मिसाल पेश करते हुए भारी बारिश एवं भूस्खलन से आई आपदा से जूझ रहे हिमाचल प्रदेश के लिए अपनी समस्त जमा पूंजी की 51 लाख रुपये की धनराशि आपदा राहत कोष-2023 में दान कर दी है। सीएम ने शुक्रवार को अपने सरकारी आवास ओक ओवर में अपनी धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर की उपस्थिति में 51 लाख रुपये का चेक मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना को सौंपा।
सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू संभवतया देश के ऐसे पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं, जिन्होंने पद पर रहते हुए अपनी निजी जमा पूंजी सरकार को आपदा से निपटने के लिए दान में दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में समाज का हर वर्ग बढ़-चढ़कर अंशदान कर रहा है। बच्चों ने अपनी गुल्लक तोड़कर, कर्मचारियों ने अपने वेतन और बुजुर्गों ने पेंशन से अपने सामर्थ्य अनुसार आपदा राहत कोष में दान दिया है।
इस अवसर पर उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, कृषि मंत्री चंद्र कुमार, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, ओएसडी रितेश कपरेट सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
कांग्रेस कार्यसमिति बैठक के लिए हैदराबाद जाएंगे सुक्खू
18 सितंबर को सुबह 10.00 बजे विधानसभा के मानसून सत्र के चलते कांग्रेस विधायक दल की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। 18 सितंबर को दोपहर 2:00 बजे से विधानसभा की कार्यवाही शुरू होगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह शुक्रवार दोपहर बाद नई दिल्ली से कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में शामिल होने के लिए हैदराबाद रवाना हुईं। प्रतिभा सिंह 17 सितंबर की शाम को नई दिल्ली लौटेंगी और 18 सितंबर से संसद के विशेष सत्र में शामिल होंगी।
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*





