मेरी हत्या हुई तो नड्डा, जमवाल और डीजीपी होंगे जिम्मेदार : बंबर ठाकुर

#खबर अभी अभी बिलासपुर ब्यूरो*

23 जून 2024

पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने डीजीपी पर 22 साल पुरानी खुन्नस रखने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इसी खुन्नस के कारण डीजीपी गोलीकांड में उनके बेटे और परिवार का नाम ले रहे हैं। बंबर ठाकुर ने शनिवार को शहर में समर्थकों के साथ भाजपा के खिलाफ आक्रोश रैली निकाली। बंबर ने कहा कि यदि उनकी हत्या होती है तो जेपी नड्डा, त्रिलोक जमवाल और डीजीपी अतुल वर्मा जिम्मेदार होंगे। यह उनकी अंतिम रैली भी हो सकती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं ने बिलासपुर में गुंडों और नशा तस्करों के समर्थन में रैली की। उन्हीं गुंडों से पांच माह पहले उन पर हमला कराया था। पंजाब से दो शूटर लाए गए थे, लेकिन पुलिस आज तक उन्हें पकड़ नहीं पाई है। इन गुंडों को भाजपा विधायक त्रिलोक जमवाल ने छुपाया है।

उन्होंने कहा कि डीजीपी साल 2002 में बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक हुआ करते थे। तब उनके ही गांव के एक युवक से झूठा केस दर्ज कराया कि बंबर ठाकुर ने जेब से पैसे निकाले हैं। बाद में उस युवक ने एफिडेविट देकर बताया कि यह मुकद्दमा डीजीपी और नड्डा के पीए ने कराया है। फिर उन्होंने अदालत में शिकायत दी। जब केस चला तो तत्कालीन पुलिस अधीक्षक की पदोन्नति रुक गई। बाद में माफी मांगने के बाद उन्होंने केस वापस ले लिया। लेकिन वह खुन्नस आज भी मन में पाले हुए हैं। वह कह रहे हैं कि गोलीकांड में बंबर ठाकुर का परिवार और बेटा शामिल है। कहा कि विधायक त्रिलोक जमवाल ने घर में शूटर छुपाए हैं।

दरअसल, पुलिस जांच के अनुसार पूर्व विधायक बंबर ठाकुर का बड़ा बेटा पुरंजन ठाकुर बिलासपुर जिला कोर्ट के बाहर हुए गोलीकांड का  मास्टरमाइंड निकला है। बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक विवेक चहल ने प्रेस वार्ता कर इसका खुलासा किया। उन्होंने बताया कि गोलीकांड के मुख्य आरोपी शूटर सन्नी गिल ने पुलिस पूछताछ में पुरंजन का नाम उगलते हुए कबूला है कि उसने सारी साजिश रची थी पुलिस ने पुरंजन को गिरफ्तार करने के लिए कई टीमें बनाई हैं। उसकी तलाश की जा रही है। हत्या के प्रयास के साथ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। इसी के तहत भाजपा ने आज रैली निकाली। उधर, बंबर ठाकुर इसे भाजपा की साजिश बता रहे हैं।

Share the news