मैदानी भागों में 23 जनवरी के लिए जारी हुआ येलो अलर्ट

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

22 जनवरी 2023

हिम और हिमस्खलन अध्ययन संस्थान मनाली ने कुल्लू सहित लाहौल-स्पीति, पांगी-किलाड़, किन्नौर के ऊंचाई वाले भागों समेत 24 जगहों पर हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। स्थानीय प्रशासन ने आपदा की घटना पर मदद लेने के लिए हेल्पलाइन नंबर 1077 और 1070 जारी किए हैं। वहीं, शनिवार सुबह लाहौल घाटी में ठोलंग गांव के सामने वामतट की पहाड़ी से एक साथ दो हिमखंड गिरे। सहायक आयुक्त कुल्लू शशिपाल नेगी ने लोगों से खतरे वाले इन इलाकों से दूर रहने की अपील की है। सुबह करीब 11:00 बजे गिरे इन हिमखंडों का वीडियो लोगों ने कैमरे में कैद किया, दोनों हिमखंड चंद्रभागा नदी में समा गए हैं। इसमें किसी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।

बर्फबारी के बाद प्रदेश में मौसम तो खुल गया है, मगर दुश्वारियां बरकरार हैं। प्रदेश में अभी भी करीब 100 संपर्क सड़कें बाधित हैं। अटल टनल रोहतांग अभी बहाल नहीं हो पाई है। केवल फोर बाई फोर वाहन ही भेजे जा रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में 26 जनवरी तक मौसम खराब बना रहने की संभावना है। 24 और 25 जनवरी के लिए अधिकतर भागों में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। 24 जनवरी के लिए मध्य व उच्च पर्वतीय भागों में भारी बारिश-बर्फबारी, जबकि निचले व मैदानी भागों में ओलावृष्टि-अंधड़ चलने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। मैदानी भागों में 23 जनवरी के लिए भी येलो अलर्ट जारी हुआ है। दूसरी ओर बारिश और बर्फबारी के बाद किसान और बागवान बगीचों और खेतों में प्रबंधन में जुट गए हैं।

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

Share the news