
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
22 मई 2023
मैदानी राज्यों में तापमान बढ़ने के बाद सैलानी बड़ी संख्या में पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। वीकेंड पर शिमला पहुंचने वाले सैलानियों की संख्या में भारी इजाफा हुआ है। शिमला के अलावा कुफरी, नारकंडा, मशोबरा और नालदेहरा में भी सैलानियों की भीड़ उमड़ी। सैलानियों की संख्या बढ़ने से कारोबार में तेजी आने से पर्यटन कारोबारी उत्साहित हैं।
पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली सहित अन्य राज्यों में गर्मी बढ़ते ही शिमला में सैलानियों की संख्या बढ़ गई है। बीते सप्ताह के मुकाबले इस हफ्ते अधिक संख्या में सैलानियों ने शिमला का रुख किया है। कार्ट रोड की लिफ्ट कार पार्किंग दोपहर दो बजे पैक हो गई। इसके बाद पार्किंग के एंट्री प्वाइंट पर नो पार्किंग का बोर्ड लगा दिया गया।
शिमला के जाखू मंदिर में रविवार को सैलानी माथा टेकने पहुंचे। संकट मोचन और तारादेवी मंदिर में भी भारी संख्या में सैलानी दर्शन के लिए पहुंचे। ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन शिमला के महासचिव मनु सूद ने बताया कि वीकेंड पर शिमला में सैलानियों की भारी भीड़़ उमड़ रही है। अगर मौसम साफ रहता है और गर्मी बढ़ती है तो हफ्ते के अन्य दिनों में भी सैलानियों की आमद बढ़ेगी।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





