राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दसेहड़ा में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित

दसेहड़ा,
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दसेहड़ा में कक्षा +2 के विद्यार्थियों के सम्मान में एक भव्य एवं भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ। विद्यालय परिसर को आकर्षक सजावट से सजाया गया था, जिससे वातावरण उत्सवमय बना रहा।
कक्षा 11 के विद्यार्थियों ने अपने वरिष्ठ साथियों का तिलक लगाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा एकल एवं समूह नृत्य, गीत, कविता पाठ तथा मनोरंजक गतिविधियों की प्रस्तुति दी गई। “ तुलसी मिस्टर फेयरवेल”, “ सानिया मिस फेयरवेल”, तथा “बैस्ट मिस पर्सनैलिटी अंजलि और बैस्ट मिस्टर पर्सनैलिटी ऋतिक” जैसे विभिन्न खिताब भी प्रदान किए गए।
समारोह में अपने प्रेरणादायक संबोधन में प्रधानाचार्य हुक्म चंद ने कहा—
“विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि संस्कारों की पाठशाला है। आप सभी विद्यार्थी हमारे विद्यालय की पहचान हैं। जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करते रहें। सफलता उन्हीं के कदम चूमती है जो अनुशासन, ईमानदारी और धैर्य को अपना मार्गदर्शक बनाते हैं। हमें विश्वास है कि आप अपने आचरण और उपलब्धियों से विद्यालय का नाम ऊँचा करेंगे।”
पाठशाला मीडिया प्रभारी शशि शर्मा ने बताया कि इस अवसर पर वरिष्ठ अध्यापकों ने भी विद्यार्थियों को जीवन में सकारात्मक सोच अपनाने और समाज के प्रति उत्तरदायी नागरिक बनने का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने विद्यालय में बिताए अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। विदाई के भावुक पलों के साथ समारोह हर्षोल्लास पूर्वक संपन्न हुआ।

Share the news