
शिमला शहर में पानी की दरें दस फीसदी बढ़ाने के प्रस्ताव को पेयजल कंपनी के निदेशक मंडल ने सोमवार को मंजूरी दे दी। इस पर अंतिम फैसला अब सरकार लेगी।

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
22 नवंबर 2022
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में अगले साल अप्रैल से पीने का पानी महंगा हो जाएगा। शहर में पानी की दरें दस फीसदी बढ़ाने के प्रस्ताव को पेयजल कंपनी के निदेशक मंडल ने सोमवार को मंजूरी दे दी। इस पर अंतिम फैसला अब सरकार लेगी। मुख्य सचिव आरडी धीमान की अध्यक्षता में सोमवार को हुई बैठक में इस प्रस्ताव पर चर्चा की गई। कंपनी के अधिकारियों ने रिपोर्ट दी कि साल 2020 से शहर में पानी की दरें नहीं बढ़ी हैं। विश्वबैंक की शर्तों के अनुसार हर साल पेयजल दरें दस फीसदी बढ़ना जरूरी है। इससे कंपनी को सालाना 28 करोड़ रुपये मिलेंगे।
दो साल से दरें न बढ़ने के कारण विश्वबैंक की शर्त पूरी नहीं हो पा रही। ऐसे में अगले साल दरें बढ़ाना जरूरी हैं। निदेशक मंडल ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। अब इस प्रस्ताव को नगर निगम के माध्यम से सरकार को भेजा जाएगा। सरकार ही इस पर अंतिम फैसला लेगी। अभी नगर निगम सदन नहीं है, इसके अलावा विधानसभा चुनाव के चलते अगले साल ही इस पर फैसला लिया जा सकेगा। पेयजल कंपनी के प्रबंध निदेशक पंकज ललित ने बताया कि इस प्रस्ताव पर चर्चा हुई है। इसे नगर निगम के माध्यम से अब सरकार को भेजा जाएगा। सरकार अंतिम फैसला लेगी।
शहर में 35 हजार हैं उपभोक्ता
शिमला शहर में 35 हजार पेयजल उपभोक्ता हैं। इनमें 25 हजार घरेलू उपभोक्ता हैं। सरकार की मंजूरी के बाद इन सभी पर अगले साल से नई दरें लागू होंगी। कंपनी ने सोमवार को निदेशक मंडल की यह बैठक करवाने के लिए निर्वाचन आयोग से अनुमति ली थी।
गुम्मा को अपग्रेड करने को मंजूरी
गुम्मा पेयजल परियोजना को अपग्रेड करने के प्रस्ताव को भी बीओडी ने मंजूरी दी है। जल्द ही इसका काम शुरू किया जाएगा। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि शिमला शहर में अब रोज पानी दिया जा रहा है। मुख्य सचिव ने आने वाले दिनों में भी नियमित सप्लाई जारी रखने के निर्देश दिए। बैठक में स्वतंत्र निदेशक दिग्विजय चौहान, राकेश मल्होत्रा भी मौजूद रहे।
यह हैं वर्तमान घरेलू दरें
स्लैब पेयजल दर
0-20 किलोलीटर 15.95 रुपये प्रति किलोलीटर
21-30 किलोलीटर 27.50 रुपये प्रति किलोलीटर
30 से ज्यादा 49.50 रुपये प्रति किलोलीटर
यह हैं वर्तमान व्यावसायिक दरें
स्लैब पेयजल दर
0-20 किलोलीटर 44 रुपये प्रति किलोलीटर
21-30 किलोलीटर 69.19 रुपये प्रति किलोलीटर
30-75 किलोलीटर 91.96 रुपये प्रति किलोलीटर
75 किलोलीटर से ज्यादा 126.50 रुपये प्रति किलोलीटर





