राजीव बिंदल बोले- मंत्री जगत सिंह नेगी का बयान निंदनीय और अशोभनीय

हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने प्रदेश कांग्रेस सरकार के मंत्री जगत सिंह नेगी के बयान को निंदनीय व अशोभनीय बताया है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल करते हुए प्रदेश सरकार के मंत्री ने मंडी, सिराज व हिमाचल की जनता का अपमान किया है वह अक्षम्य अपराध है। बिंदल ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान है, तिरंगे के उपर लाखों-लाखों जीवन कुर्बान है। परंतु तिरंगे की आड़ में अपने पापों को छुपाने का जो प्रयास कांग्रेस सरकार के मुखिया व उनके मंत्री कर रहे हैं वो प्रदेश की जनता के साथ धोखा है।

उन्होंने कहा कि हजारों लोग आपदा से त्रस्त है लेकिन कांग्रेस की सरकार व उसके मंत्री केवल राजनीति करने में मस्त है। यह सरकार मित्रों की सरकार है और इस सरकार में केवल मित्रों की ही बल्ले-बल्ले हो रही है और आपदा त्रस्त क्षेत्र में केवल राजनीति कर रहे हैं। बिंदल ने कहा कि हिमाचल की जनता त्राहिमाम कर रही है लेकिन प्रदेश की सरकार केवल और केवल राजनीति करने में मस्त है। ऐसे में झूठे मुकदमे दर्ज करना किसी भी तरह से स्वीकार्य नहीं है।

Share the news