
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
27 जुलाई 2023

राज्य निजी शिक्षण संस्थान विनियामक आयोग ने सरकार को फर्जी डिग्री मामले में फंसे मानव भारती विवि को बंद करने का प्रस्ताव भेजा है। विवि में पढ़ रहे 24 विद्यार्थियों को अन्य विश्वविद्यालयों में शिफ्ट करने का आग्रह किया गया है। जून 2023 में 25 विद्यार्थी इस विश्वविद्यालय से पढ़ाई पूरी कर पास आउट हो चुके हैं। आयोग के अध्यक्ष मेजर जनरल सेवानिवृत्त अतुल कौशिक ने कहा कि इस बाबत सरकार ही अंतिम फैसला लेगी। आयोग ने पूरी वस्तुस्थिति से सरकार को अवगत करा दिया है। फर्जी डिग्री मामले में विश्वविद्यालय के खिलाफ पुलिस एसआईटी, ईडी, इनकम टैक्स की जांच चल रही है। अभी तक की पुलिस जांच में देश के 12 राज्यों में करीब 46 हजार फर्जी डिग्रियां आवंटित करने का विवि प्रबंधन पर आरोप है।
हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, दिल्ली, गुजरात, तमिलनाडु, केरल, पंजाब, उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में फर्जी डिग्रियां वर्ष 2010 से बेचने की बात अभी तक की जांच में सामने आई है। मामले में विवि के मालिक राजकुमार राणा सहित करीब 20 लोगों को आरोपी बनाया गया है। आयोग ने बीते दिनों भी सरकार को एक प्रस्ताव भेज कर जून से विश्वविद्यालय को बंद करने की वकालत की थी। हवाला दिया था कि नया सत्र शुरू होने से पहले यहां पढ़ रहे विद्यार्थियों के भविष्य को सुरक्षित किया जाना चाहिए। इन विद्यार्थियों को समय रहते अन्य विश्वविद्यालयों से अपनी डिग्री पूरी करने की मंजूरी दी जानी चाहिए, लेकिन अभी तक ऐसा नहीं हुआ है।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





